क्रिप्टोकरेंसी में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर एक व्यापारी से 91 लाख रुपये ठग लिए गए। शुरुआत में सब कुछ ठीक लगा, लेकिन जब रकम निकालने की बारी आई तो पूरा खेल बदल गया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि लाखों का निवेश फंस गया

अनूपपुर: क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 91 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में जैतहरी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी भोला सिंह को उत्तर प्रदेश के कानपुर से पकड़ा है। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, फरियादी व्यापारी की 14 लाख रुपये से अधिक की राशि बैंक खाते में वापस कराई जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, जैतहरी निवासी राकेश कुमार व्यापारीअग्रवाल (52) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने WhatsApp कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कराने और अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इस झांसे में लेकर आरोपियों ने उनसे कुल 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
शिकायत मिलने के बाद जैतहरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने फरियादी की 34 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई।
पुलिस ने मामले में फरार आरोपी भोला सिंह (46), पिता चन्द्रपाल सिंह, निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश को 9 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे अनूपपुर न्यायालय में पेश किया गया।
इस मामले में पुलिस पहले ही यश तोमर और शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों फिलहाल जिला जेल भोपाल में बंद हैं। भोला सिंह की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है।
पुलिस के मुताबिक अनूपपुर न्यायालय के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक फरियादी के बैंक खाते में 14 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस कराई जा चुकी है। शेष रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही धोखाधड़ी से जुड़ी रकम की शेष राशि वापस कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।



.jpg&w=3840&q=75)
