मैहर की ताला पुलिस ने महिला के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को रीवा से गिरफ्तार किया।
.jpg&w=3840&q=75)
मैहर। जिले की ताला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला के घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने मंगलवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर रीवा के शिल्पी प्लाजा इलाके में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा।
ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के मुताबिक, पीड़ित महिला ने 27 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि उसकी शादी अभिषेक अग्निहोत्री से होने वाली थी, लेकिन बाद में किसी कारण से शादी टूट गई।
महिला का आरोप है कि शादी टूटने के बाद अभिषेक उसके घर में घुसा और उसके साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। महिला ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से उसके रीवा के शिल्पी प्लाजा इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद ताला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय अभिषेक अग्निहोत्री, निवासी पड़रा गांव, थाना रायपुर कर्चुलियान, जिला रीवा के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और मामले से जुड़ी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



.jpg&w=3840&q=75)
