रीवा के सिरमौर चौराहे स्थित ब्यूटी पार्लर में चोरी के मामले में पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।

.jpg&w=3840&q=75)
Rewa News: रीवा में सिरमौर चौराहे स्थित एक ब्यूटी पार्लर में हुई चोरी का अमहिया थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 1.55 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी के पीछे अपनी प्रेमिका की मांग पूरी करने की बात कही है। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान अंसारी, पिता रफीक अंसारी, निवासी तरहटी, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सिरमौर चौराहे स्थित ब्यूटी पार्लर में 12 और 13 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरी हुई थी। पार्लर से करीब डेढ़ लाख रुपए के ब्यूटी प्रोडक्ट और उपकरण चोरी हो गए थे।
शिकायत मिलने के बाद अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सुरागों के आधार पर बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से प्रोफेशनल मेकअप किट, फेशियल मशीन, हेयर ड्रायर, हेयर स्ट्रेटनर, हेयर कर्लर और स्किन केयर प्रोडक्ट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा करीब 5 हजार रुपए कीमत का एक मोटर पंप भी मिला है। पुलिस ने बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.55 लाख रुपए आंकी है।
थाना प्रभारी मनोज गौतम के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रेमिका की मांग पूरी करने के लिए चोरी करने की बात कही है। पुलिस इस दावे की पड़ताल कर रही है और यह भी जांच रही है कि वारदात के पीछे कोई दूसरी वजह तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



.jpg&w=3840&q=75)
