सीधी जिले के गांधीग्राम गांव के पास बुधवार सुबह बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बल्कर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
.jpg&w=3840&q=75)
सीधी। जिले की गोपद बनास तहसील के गांधीग्राम गांव के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक सड़क हादसा हो गया। सीधी से मड़वास की ओर जा रहा एक बल्कर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में बल्कर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, बल्कर गांधीग्राम के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक सामने एक मोटरसाइकिल सवार आ गया। राहगीर संतोष यादव के अनुसार, बाइक सवार को बचाने के लिए बल्कर चालक ने वाहन को सड़क के किनारे मोड़ दिया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बल्कर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में बल्कर चालक सचिन मार्कले गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बल्कर के पलटने से वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद बल्कर सड़क पर ही पलटा रहा, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। सड़क पर पलटे बल्कर को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई। क्रेन की मदद से बल्कर को सीधा कर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
कोतवाली थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में बाइक सवार को बचाने के दौरान बल्कर के पलटने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।