मानसून के चलते करीब तीन महीने से बंद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में बुधवार से जंगल सफारी फिर शुरू हो गई। सुबह 6 बजे से पर्यटकों ने ताला, मगधी और खितौली जोन में भ्रमण किया।

Umeria News : मानसून के चलते करीब तीन महीने से बंद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में बुधवार से जंगल सफारी फिर शुरू हो गई। सुबह 6 बजे से पर्यटकों ने ताला, मगधी और खितौली जोन में भ्रमण किया। सफारी शुरू होते ही अगले एक महीने की बुकिंग फुल हो गई है। इससे पर्यटन से जुड़े स्थानीय गाइड, वाहन संचालकों और अन्य लोगों में भी रोजगार को लेकर उत्साह है।
पार्क प्रबंधन ने सफारी शुरू होने से पहले जंगल की सड़कों समेत पर्यटकों से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया। बारिश के बाद कई जगहों पर सड़कों की स्थिति में सुधार किया गया। वहीं, जंगल में जंगली हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए गाइड और वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि सफारी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जंगल में हाथियों की आवाजाही के बावजूद सफारी जारी रहेगी। पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गाइड और वाहन चालकों को हाथियों की गतिविधियों और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने को लेकर प्रशिक्षण दिया गया है।
सफारी के पहले दिन लखनऊ से आई पर्यटक भावना गुप्ता ने बांधवगढ़ को अपना पसंदीदा पार्क बताया। उन्होंने बाघ समेत अन्य वन्यजीवों को देखकर खुशी जताई। पर्यटक चैतन्य ने भी लोगों से बांधवगढ़ आने की अपील की। सफारी शुरू होने से स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।



.jpg&w=3840&q=75)
