सतना के धवारी इलाके में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पैसे और नौकरी का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Satna Conversion Case: मध्य प्रदेश के सतना में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। शहर के धवारी इलाके में एक मकान में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप लगने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि लोगों को आर्थिक मदद और नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
धवारी क्षेत्र में चांदमारी रोड के पास स्थित एक मकान में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों की सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर मकान के अंदर करीब 15 लोग मिले। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया। बाद में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई।
बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ शुक्ला के अनुसार, उन्हें शिकायत मिली थी कि मकान में मौजूद कुछ लोगों पर पैसे और नौकरी का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को डराने की भी कोशिश की जा रही थी।
कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा के अनुसार, धवारी निवासी आशा चौधरी के पति लंबे समय से बीमार हैं और उनका परिवार आर्थिक परेशानी से गुजर रहा था। पुलिस के मुताबिक, करीब चार साल पहले आशा का संपर्क रामनरेश चौधरी और उसके परिवार से हुआ था। पुलिस का कहना है कि यह परिवार ईसाई धर्म अपना चुका था।
आरोप है कि आशा को धर्म परिवर्तन करने पर आर्थिक मदद मिलने और समस्याएं दूर होने का भरोसा दिया गया। कथित तौर पर कई बार दबाव बनाए जाने के बावजूद आशा ने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 351(3) और 3(5) के साथ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मकान से धार्मिक सामग्री जब्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
धवारी में हुई कार्रवाई के बाद नगर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस ऐसे मामलों को लेकर सतर्क है। इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ और किराएदारों की सूची तैयार कराने की बात भी कही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। धर्मांतरण के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगी।



.jpg&w=3840&q=75)
