सतना में दस्तावेजी समस्या से एक परिवार परेशानी का सामना कर रहा है। उन्होंने स्थानीय स्तर से दिल्ली तक मदद की गुहार लगाई। जिसके बाद एसडीएम-तहसीलदार ने जल्द समाधान का भरोसा दिया ।

Satna News: सतना जिले के कोठी वार्ड क्रमांक-02 निवासी 16 वर्षीय आशीष कुमार कोल की पढ़ाई एक दस्तावेजी समस्या के चलते प्रभावित हो रही है। परिजनों के मुताबिक, आशीष के नाम से कथित तौर पर दो आधार कार्ड बन गए थे। बाद में दोनों आधार कार्ड निरस्त हो गए। अब आधार से जुड़ी समस्या के कारण छात्र का विद्यालय में दाखिला नहीं हो पा रहा है।
परिवार के अनुसार, आशीष पढ़ाई जारी रखना चाहता है, लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज स्पष्ट नहीं होने के कारण उसके स्कूल में प्रवेश की प्रक्रिया अटक गई है। परिजनों का कहना है कि आधार से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं होने के कारण एक नाबालिग छात्र की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
आशीष के पिता ने समस्या के समाधान के लिए स्थानीय अधिकारियों से लेकर जिला और प्रदेश स्तर के संबंधित कार्यालयों तक संपर्क किया। स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं होने के बाद वे दिल्ली तक पहुंचे। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
परिवार का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से दस्तावेजी समस्या दूर कराने के प्रयास किए हैं, ताकि आशीष की पढ़ाई दोबारा शुरू हो सके।
परिजनों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कर आशीष की पहचान संबंधी समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि दस्तावेजी प्रक्रिया में कोई गलती हुई है तो उसका असर बच्चे की पढ़ाई पर नहीं पड़ना चाहिए।
मामला सामने आने के बाद रघुराज नगर एसडीएम एलआर जांगड़े और कोठी तहसीलदार प्रज्ञा दुबे ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर जल्द समस्या का निराकरण कराने का भरोसा दिया है। अब परिवार को उम्मीद है कि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद आशीष के आधार संबंधी दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट होगी और उसका स्कूल में दाखिला हो सकेगा



.jpg&w=3840&q=75)
