CISF जवानों की नई वर्दी दिवाली से चरणबद्ध तरीके से लागू होगी। सूती कपड़े और डिजिटल पिक्सेल पैटर्न वाली यूनिफॉर्म 26 जनवरी तक दो लाख से अधिक कर्मियों को देने का लक्ष्य है।

CISF New Combat Uniform: CISF के जवान अब नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म में नजर आएंगे। करीब 20 साल बाद बल की वर्दी का डिजाइन बदला जा रहा है। नई यूनिफॉर्म में डिजिटल पिक्सेल पैटर्न और कई रंगों का इस्तेमाल किया गया है। इसकी शुरुआत दिवाली से होगी, जबकि अगले साल 26 जनवरी तक दो लाख से अधिक जवानों और अधिकारियों को नई वर्दी देने का लक्ष्य है।
नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म में पुराने बड़े-बड़े धब्बों की जगह छोटे डिजिटल पिक्सेल जैसे डिजाइन होंगे। इसमें ऑलिव ग्रीन, खाकी ग्रीन, ब्राउन और हल्के काले रंगों का इस्तेमाल किया जाएगा। कुल मिलाकर चार से पांच रंगों का मिश्रण नई वर्दी को अलग लुक देगा इस पैटर्न को इस तरह तैयार किया गया है कि अलग-अलग परिस्थितियों में इसे पहचानना अपेक्षाकृत मुश्किल हो। साथ ही, नई यूनिफॉर्म की हूबहू नकल करना भी आसान नहीं होगा।
नई वर्दी केवल डिजाइन के मामले में ही अलग नहीं होगी, बल्कि इसमें जवानों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। यूनिफॉर्म मुख्य रूप से सूती कपड़े से तैयार की जाएगी। इससे ड्यूटी के दौरान आराम मिलेगा और पसीना जल्दी सूख सकेगा। लंबे समय तक फील्ड में रहने वाले जवानों को ध्यान में रखकर कपड़े का चयन किया गया है। नई यूनिफॉर्म के साथ बेसबॉल कैप भी दी जाएगी, जिसके सामने CISF का लोगो लगा होगा।
CISF की कॉम्बैट यूनिफॉर्म में बदलाव के लिए गृह मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद नई वर्दी की खरीद से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे पहले CRPF और BSF भी अपनी पुरानी कॉम्बैट यूनिफॉर्म की जगह नए डिजाइन वाली वर्दी अपना चुके हैं। अब CISF में भी करीब दो दशक पुरानी यूनिफॉर्म को बदलने की तैयारी है।
नई वर्दी को एक साथ सभी कर्मियों को उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इसकी शुरुआत दिवाली से होगी और चरणबद्ध तरीके से इसे लागू किया जाएगा। अगले साल 26 जनवरी तक फील्ड और ऑपरेशनल ड्यूटी में तैनात दो लाख से अधिक जवानों और अधिकारियों को नई यूनिफॉर्म देने का लक्ष्य रखा गया है। इस बदलाव के बाद CISF के जवान आधुनिक डिजिटल डिजाइन वाली कॉम्बैट यूनिफॉर्म में नजर आएंगे।



-1.jpg&w=3840&q=75)




