रीवा में 18 हजार रुपए लूटने के लिए 60 वर्षीय बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या की गई। आरोपियों ने शव खेत में दफनाया था।


रीवा के अतरैला थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लूना खरीदने के लिए घर से निकले लख्खू चिकवा की तीन लोगों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उनके पास रखे 18 हजार रुपए लूटने के बाद शव को खेत में करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। उनकी लूना भी झाड़ियों में छिपा दी। पुलिस ने सोमवार देर रात मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
लूना खरीदने निकले थे लख्खू
चौखंडी गांव निवासी लख्खू चिकवा 6 नवंबर को 18 हजार रुपए लेकर लूना खरीदने घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर पत्नी रामबाई ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो अतरैला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण भी उनकी तलाश में जुट गए।
झाड़ियों में मिली लूना, पास में दिखी नई मिट्टी
तलाश के दौरान ग्राम कुरेली में बरसाती द्विवेदी की पड़ती जमीन के पास झाड़ियों में लख्खू की लूना मिली। आसपास जांच करने पर कुछ दूरी पर मिट्टी की नई परत दिखाई दी। शक होने पर लोगों ने मिट्टी हटाई तो करीब 6 फीट गहरा गड्ढा मिला। उसके अंदर लख्खू का शव दफन था।
गला घोंटकर की हत्या, फिर शव को दफनाया
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लख्खू को रास्ते में निशाना बनाया। 18 हजार रुपए लूटने के लिए उनका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को गड्ढे में दफन कर दिया और लूना को झाड़ियों में छिपा दिया, ताकि वारदात का पता न चल सके।
दो युवक गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया
पुलिस ने सोमवार देर रात मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




