सीधी में धनतेरस पर नई बाइक खरीदकर लौट रहे तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर घायल है।

सीधी जिले में धनतेरस पर नई बाइक खरीदकर घर लौट रहे तीन युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मड़वास थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास शनिवार रात करीब 11 बजे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।
सीधी से नई पल्सर खरीदकर लौट रहे थे तीनों
जानकारी के मुताबिक, महुआ गांव के तीन युवक धनतेरस पर सीधी की बजाज एजेंसी से नई पल्सर बाइक खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। बाइक पर मनोज सिंह (20), कृष्ण देव सिंह (21) और बृज सिंह (21) सवार थे। हिनौता गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में मनोज सिंह और कृष्ण देव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरे युवक के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर
हादसे में बृज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, उसके पैर में तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद वह अचेत था और बोलने की स्थिति में नहीं था। उसे पहले मड़वास अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस चालक जितेंद्र विश्वकर्मा ने भी बताया कि घायल युवक अचेत था और कुछ बोल नहीं पा रहा था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। तीनों युवकों को गड्ढे से बाहर निकाला गया। बाइक भी गड्ढे में फंसी हुई थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




