सतना के ललचहा जंगल में साढ़े तीन महीने से लापता रानी मवासी का कंकाल मिला। कपड़ों और चप्पल से परिजनों ने पहचान की, डीएनए जांच बाकी है।


सतना जिले के रैगांव इलाके के ललचहा जंगल में सोमवार शाम एक युवती का कंकाल मिला। पास में मिले कपड़े और चप्पल देखकर परिजनों ने उसकी पहचान चकर गांव की रानी मवासी (26) के रूप में की। रानी करीब साढ़े तीन महीने से लापता थी। हालांकि, उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि फोरेंसिक और डीएनए जांच के बाद ही होगी। कंकाल गांव से करीब 8 किलोमीटर दूर मिला है।
30 जुलाई को घर से निकली थी रानी
रानी मवासी पिता छकौड़ी चार बहनों में से एक थी। पुलिस के मुताबिक, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। 30 जुलाई को वह घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
जंगल में कपड़े और चप्पल देखकर पहचान
सोमवार को चकर गांव से करीब 8 किलोमीटर दूर ललचहा जंगल में कंकाल मिलने की सूचना मिली। इसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने वहां मिले कपड़ों और चप्पल को देखकर कंकाल की पहचान रानी के रूप में की।
फोरेंसिक और डीएनए जांच से होगी पुष्टि
पुलिस ने कंकाल को जांच के लिए सतना भेज दिया है। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विशेषज्ञ इसकी जांच करेंगे। इसके साथ ही डीएनए जांच भी कराई जाएगी, ताकि युवती की पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो सके।
कैसे पहुंची जंगल, मौत की वजह क्या?
रानी घर से निकलने के बाद ललचहा जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस वैज्ञानिक जांच के जरिए इन सवालों के जवाब तलाश रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



-1.jpg&w=3840&q=75)




