व्हाइट हाउस के पास वेनेजुएलाई युवक तीन हथियारों के साथ पकड़ा गया। उसने पूछताछ में ट्रम्प को मारने के ख्याल आने की बात कही।

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास एक वेनेजुएलाई युवक को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, युवक के पास से तीन बंदूकें और कई कारतूस मिले हैं। पूछताछ के दौरान उसने अधिकारियों को बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं, जो उसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने के लिए कहती हैं।
कार में सोता मिला युवक, गूगल ट्रांसलेट से दी जानकारी
युवक की पहचान 26 वर्षीय रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। वह 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था। सीक्रेट सर्विस के अधिकारी गुरुवार रात करीब 11:42 बजे व्हाइट हाउस के पास कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे खड़ी नीली फोर्ड एफ-150 में एक युवक सोता हुआ दिखाई दिया।
अधिकारियों ने उसके पास जाकर हालचाल पूछा। युवक अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था, इसलिए उसने गूगल ट्रांसलेट की मदद से बताया कि उसके पास हथियार हैं। जांच में यह भी पता चला कि जिस गाड़ी में वह मौजूद था, वह चोरी की थी।
दावा- कुछ लोगों से छीनी थी बंदूक
पूछताछ में क्रिनोस ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे मारने की कोशिश की थी। उसने उनमें से एक से बंदूक छीन ली थी, जिसे कार में रखे भूरे रंग के बैग में रखा था। उसने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले उसने कुछ हथियार खरीदे थे और चोरी की कार में ही रह रहा था।
युवक ने अधिकारियों से कहा कि वह अपने पास मौजूद हथियार सरकार को सौंपना चाहता है। हालांकि, अधिकारियों ने तलाशी के दौरान कार से तीन हथियार बरामद किए।
कार से पिस्तौल और दो राइफल बरामद
अधिकारियों के मुताबिक, युवक के पास से AR-15 स्टाइल राइफल, मैक-10 हैंडगन और ग्लॉक 43X पिस्टल मिली हैं। इसके अलावा कई कारतूस भी बरामद किए गए। हथियारों की बरामदगी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार रखने और चोरी के भी आरोप
क्रिनोस पर बिना कानूनी अनुमति हथियार रखने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। उस पर बिना रजिस्ट्रेशन के राइफल और पिस्टल रखने तथा कारतूस रखने के आरोप भी हैं। इसके अलावा चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने के मामले में भी कार्रवाई की गई है। उसे सोमवार को फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा।



-1.jpg&w=3840&q=75)




