सीधी की भंवरसेन पहाड़ी से माता की पत्थर की मूर्ति गायब मिली। पुजारी ने चोरी की आशंका जताई है। ग्रामीण थाने में ज्ञापन सौंपेंगे।


सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत के शिकारगंज गांव में भंवरसेन पहाड़ी से माता की पत्थर की मूर्ति गायब हो गई है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे तो मूर्ति अपने स्थान पर नहीं मिली। इसके बाद इलाके में मूर्ति गायब होने की खबर फैल गई। मुख्य पुजारी बसंत लाल सिंह ने मूर्ति चोरी होने की आशंका जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
नवरात्रि में दिखाई दी थी माता की आकृति
पहाड़ी पर माता की आकृति वाला पत्थर पहली बार 15 अक्टूबर को नवरात्रि के दौरान दिखाई दिया था। इसके बाद आसपास के गांवों और इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे। धीरे-धीरे यह जगह लोगों की आस्था का केंद्र बन गई।
खतरनाक रास्ते के कारण प्रशासन ने लगाई थी रोक
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच पहाड़ी तक पहुंचने वाले दुर्गम रास्ते, गहरी खाई और जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने वहां जाने पर रोक लगा दी थी। एसडीएम, वन विभाग और पुलिस की टीम ने रास्ते पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे पहाड़ी तक पहुंच रहे थे।
पुजारी ने कुछ लोगों पर जताई आशंका
मुख्य पुजारी बसंत लाल सिंह ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि मंगलवार सुबह कुछ लोग और पुलिसकर्मी पहाड़ी पर पहुंचे थे। उन्हें आशंका है कि इन्हीं लोगों ने मूर्ति को वहां से हटाया होगा। हालांकि, इस बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुजारी ने पूरे मामले की जांच कर मूर्ति का पता लगाने की मांग की है।
थाने में ज्ञापन सौंपेंगे ग्रामीण
पुजारी के मुताबिक, मंगलवार शाम ग्रामीणों के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद रामपुर नैकिन थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



-1.jpg&w=3840&q=75)




