हरदीप सिंह पुरी के MP से राज्यसभा नामांकन पर CM मोहन यादव ने खुशी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी के अनुभव से प्रदेश को भी लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए शनिवार को नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन के बाद मुख्यमंत्री ने पुरी की उम्मीदवारी पर खुशी जताई और कहा कि उनके राज्यसभा पहुंचने से मध्य प्रदेश को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने इसे दिवाली से पहले प्रदेश को मिला उपहार बताया।
नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी भोपाल के एक गुरुद्वारे पहुंचे और मत्था टेका। इसके बाद उन्होंने करुणा धाम आश्रम में पीठाधीश्वर गुरुदेव सुदेश शांडिल्य महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह दिवाली से पहले मिला उपहार है। मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि पुरी के अनुभव और सहयोग से केंद्र सरकार के साथ मध्य प्रदेश को भी फायदा मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी नामांकन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश को कई सौगातें दी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी उनके सहयोग से प्रदेश को विकास के कामों में लाभ मिल सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश की मंत्री कृष्णा गौर ने नामांकन से एक दिन पहले हरदीप सिंह पुरी के प्रस्तावक बनने की सहमति दी थी। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में उन्होंने संबंधित सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। शनिवार को पुरी ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
मध्य प्रदेश की यह सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। उन्होंने 13 अक्टूबर को राज्यसभा सदस्यता छोड़ी थी, जबकि उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। इस सीट पर उपचुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा।



-1.jpg&w=3840&q=75)




