मैहर के सेमरिया क्षेत्र में जंगली हाथी ने एक वकील के घर की बाउंड्री तोड़ दी और ग्रामीण का कच्चा मकान गिरा दिया। फिलहाल हाथी गोरसरी पहाड़ में है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाणसागर डैम पार कर मैहर वन मंडल की अमरपाटन रेंज में पहुंचा जंगली हाथी अब गांवों में नुकसान पहुंचा रहा है। कॉलर आईडी लगा नर हाथी E-5 (C-4) ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात रामनगर जनपद क्षेत्र की सेमरिया ग्राम पंचायत में दो घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथी ने अधिवक्ता संतोष पांडेय के घर की बाउंड्री तोड़ दी, जबकि मनकहरी गांव में एक ग्रामीण का कच्चा मकान गिरा दिया। घटना के बाद इलाके में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।
दिन में जंगल में रहा, रात को गांव में घुसा
जानकारी के मुताबिक, हाथी 28-29 अक्टूबर की दरमियानी रात सेमरिया ग्राम पंचायत पहुंचा था। इसके बाद वह दिनभर जंगल में ही रहा। शुक्रवार रात अंधेरा होने पर वह जंगल से निकलकर गांव की ओर आया और दो घरों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथी गोरसरी पहाड़ की तरफ चला गया।
गोरसरी पहाड़ में मिली हाथी की मौजूदगी
अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल हाथी ग्राम पंचायत गोरसरी पहाड़ क्षेत्र में मौजूद है। शुक्रवार-शनिवार की रात उसने एक घर की दीवार तोड़ी और दूसरे मकान को नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। विभाग को आशंका है कि हाथी आसपास के गांवों या उनसे लगे जंगलों की ओर जा सकता है।
ग्रामीणों को अकेले जंगल में जाने से मना किया
वन विभाग ने आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल में न जाए। हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, पीछा करने या उसे देखने के लिए भीड़ लगाने से बचें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
महुआ और अनाज रखने वाली जगह पर न सोएं
वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में महुआ और अनाज रखने वाली जगहों पर सोने से बचने की सलाह दी है। साथ ही खेतों में खुले आसमान के नीचे रात बिताने से भी मना किया है। विभाग ने लोगों से हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उसकी गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




