मऊगंज की हनुमना पुलिस ने कफ सिरप तस्करी के मामले में तीन साल से फरार दो आरोपियों को सीधी से गिरफ्तार किया है। स्कॉर्पियो से 710 शीशी मिली थीं।


मऊगंज जिले की हनुमना पुलिस ने कफ सिरप तस्करी के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे दो आरोपियों को सीधी जिले से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अक्टूबर 2023 में स्कॉर्पियो से 710 शीशी कफ सिरप मिलने के बाद से पुलिस की पकड़ से बाहर थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील केवट उर्फ लालू केवट (37) और पवन पांडेय उर्फ गोलू पांडेय (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी उस समय स्कॉर्पियो में सवार थे। पुलिस को देखकर वे गाड़ी छोड़कर भाग निकले थे। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो छोड़कर भागे थे तीन लोग
हनुमना थाना प्रभारी राजेश पटेल के अनुसार, 23 अक्टूबर 2023 को उत्तर प्रदेश की ओर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो (MP65T0224) आती दिखाई दी थी। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक गाड़ी दूसरी दिशा में मोड़कर ले गया।
आगे रास्ता नहीं मिलने पर स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले सत्यार्थ सिंह उर्फ प्रभात को पकड़ लिया था। जबकि सुनील केवट और पवन पांडेय फरार हो गए थे।
स्कॉर्पियो से बरामद हुई थीं 710 शीशियां
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें 710 शीशी आनरेक्स कफ सिरप मिली थीं। इनकी कीमत 1 लाख 20 हजार 700 रुपए आंकी गई थी। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 22 तथा मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीधी में अलग-अलग जगह छिपकर रह रहे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सुनील केवट सीधी में कृषि विज्ञान केंद्र के सामने रह रहा था। वहीं, पवन पांडेय मूल रूप से ग्राम भमरहा का निवासी है और फिलहाल सीधी की नूतन कॉलोनी में रह रहा था। बुधवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई मऊगंज पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक का मार्गदर्शन रहा। टीम का नेतृत्व हनुमना थाना प्रभारी राजेश पटेल ने किया।



-1.jpg&w=3840&q=75)




