मऊगंज के नईगढ़ी में पुलिस ने बहुती पुलिया के पास से 497 ग्राम गांजे के साथ दिवाकर साकेत को पकड़ा। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

मऊगंज जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नईगढ़ी थाना पुलिस ने एक युवक को गांजे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के कब्जे से 497 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 5,500 रुपए बताई गई है। आरोपी की पहचान दिवाकर साकेत (25), निवासी बहुती हरिजन बस्ती, थाना नईगढ़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
महुआ के पेड़ के पास गांजा बेचने की सूचना
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बहुती पुलिया के उत्तर में सुमेदा कला रोड पर महुआ के पेड़ के पास एक युवक गांजा बेचने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिला 497 ग्राम गांजा
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 497 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 5,500 रुपए आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
पुलिस ने आरोपी दिवाकर साकेत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामला जमानती प्रकृति का होने के कारण आरोपी को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया। उसे निर्धारित समय पर न्यायालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई रीवा आईजी के विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकान्त सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई की। इसमें नईगढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकडे और पुलिसकर्मी शामिल रहे।



-1.jpg&w=3840&q=75)




