मध्य प्रदेश में 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी है। CM मोहन यादव ने राज्यपाल को रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप योजनाओं की जानकारी दी।

मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। इस योजना के तहत युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, कौशल विकास और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने पर ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात के दौरान इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उद्यमिता के लिए भी तैयार करना चाहती है। इसके लिए कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। लक्ष्य है कि युवा अपना व्यवसाय शुरू करके आगे चलकर उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
बैठक में किसान कल्याण वर्ष 2026 पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने किसानों की आमदनी बढ़ाने, उनके जीवन स्तर में सुधार और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी राज्यपाल को दी। बलराम कृषि महोत्सव की प्रगति का भी उल्लेख किया गया।
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर को मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि समारोह में किसान हितैषी योजनाओं और सरकार के प्रयासों को प्रमुखता दी जाएगी।
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय समाज के विकास और कल्याण से जुड़े प्रयास भी चर्चा का हिस्सा रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों से राज्यपाल को अवगत कराया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनकल्याण और औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और मार्गदर्शन दिया।



-1.jpg&w=3840&q=75)




