रीवा पुलिस ने चोरी के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 23 लाख रुपए का माल बरामद किया है। पुलिस अन्य वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रीवा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से करीब 23 लाख रुपए का सामान बरामद हुआ है। इसमें 110 ग्राम सोना, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 2 लाख रुपए नकद शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मऊगंज और रीवा के निवासी शामिल हैं। पुलिस अब उनसे शहर में हुई चोरी की दूसरी वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि शहर में लगातार चोरियां होने के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की थी। टीमों ने घटनास्थलों और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाई। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।
110 ग्राम सोना और दो वाहन बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद सोने का वजन 110 ग्राम है और इसकी कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी बरामद की गई है। दोनों वाहनों की कीमत करीब डेढ़-डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। पुलिस को 2 लाख रुपए नकद भी मिले हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 23 लाख रुपए आंकी गई है।
मऊगंज और रीवा के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने विकास कुमार साकेत (25) और सुरेश साकेत (28) को गिरफ्तार किया है। दोनों ग्राम पचैया, थाना लौर, जिला मऊगंज के निवासी हैं। इनके अलावा सुनील सोनी (24) और अब्दुल रहीम (28) को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों रघुनाथगंज, थाना मनगवां, रीवा के निवासी हैं।
छह थानों और साइबर सेल ने की कार्रवाई
कार्रवाई में कोतवाली, सिविल लाइन, विश्वविद्यालय, समान, गुढ़ और चोरहटा थाने की पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका है या नहीं।



-1.jpg&w=3840&q=75)




