सतना में डेंगू संक्रमित 29 वर्षीय राजेश बुनकर की रीवा ले जाते समय मौत हो गई। उनकी सात महीने की गर्भवती पत्नी भी डेंगू पॉजिटिव हैं।

सतना में डेंगू संक्रमण से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उसकी 26 वर्षीय पत्नी भी डेंगू पॉजिटिव है और सात महीने की गर्भवती है। पति की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पहचान सिद्धार्थ नगर वार्ड क्रमांक 8 निवासी राजेश बुनकर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, राजेश अपनी पत्नी प्रियंका और 20 वर्षीय भाई अजय के साथ पुणे में मजदूरी करता था। तीनों को बुखार और उल्टी की शिकायत हुई, जिसके बाद वे 29 अक्टूबर को सतना लौट आए।
जांच में पति-पत्नी मिले डेंगू संक्रमित
सतना पहुंचने के बाद परिवार ने डॉक्टर केएल नामदेव से सलाह ली। उनके कहने पर सिंधी कैंप स्थित डे केयर पैथोलॉजी सेंटर में राजेश और प्रियंका की जांच कराई गई। रिपोर्ट में दोनों के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद प्रियंका को सिंधी कैंप के हंसराज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि राजेश का इलाज जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 6 में चल रहा था।
प्लेटलेट्स घटकर 27 हजार तक पहुंचीं
राजेश की तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने 31 अक्टूबर को उन्हें जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया। यहां भी उनकी हालत गंभीर बनी रही। परिजनों के अनुसार, उनकी प्लेटलेट्स घटकर 27 हजार तक पहुंच गई थीं।
1 नवंबर को उन्हें प्लेटलेट्स चढ़ाई गईं, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रीवा ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पत्नी को एक दिन पहले अस्पताल से मिली छुट्टी
प्रियंका भी डेंगू संक्रमित होने के कारण अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। पति की मौत के बाद परिवार के सामने गर्भवती प्रियंका की देखभाल की भी चुनौती है। उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत है।
मलेरिया विभाग ने शुरू किया सर्वे
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजेश के घर और आसपास के इलाके में जांच शुरू की। मलेरिया विभाग की टीम ने क्षेत्र में दवा का छिड़काव किया और परिवार की केस हिस्ट्री के साथ आसपास संक्रमण की स्थिति की जानकारी जुटाई।



-1.jpg&w=3840&q=75)




