सतना के बिरसिंहपुर में सराफा व्यापारी के घर से करीब डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।

सतना जिले के बिरसिंहपुर में सराफा व्यापारी के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर ले गए। व्यापारी दीपू सोनी 4 नवंबर को पत्नी के साथ जबलपुर गए थे। अगले दिन शाम को लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला। उन्हें लगा कि दरवाजा फंस गया है, इसलिए वे दुकान में ही सो गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसी की छत से घर के पीछे का हिस्सा देखने पर दरवाजा आधा खुला नजर आया। इसके बाद छत के रास्ते अंदर पहुंचे कर्मचारी ने चोरी का पता लगाया।
दरवाजा नहीं खुला तो दुकान में गुजारी रात
दीपू सोनी की ज्वेलरी शॉप नीचे और रिहायशी मकान ऊपर बना हुआ है। उनके मुताबिक, 5 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वे पत्नी के साथ जबलपुर से लौटे थे। घर के बाहरी कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला। उन्हें लगा कि दरवाजा फंस गया है। सुबह मिस्त्री बुलाकर खुलवाने की सोचकर दोनों दुकान पर चले गए और सफाई के बाद बगल के कमरे में सो गए।
पड़ोसी की छत से दिखा आधा खुला दरवाजा
शुक्रवार सुबह व्यापारी और कर्मचारी ने ऊपर जाने वाले दरवाजे को खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसी के मकान की छत पर जाकर पीछे की तरफ देखा गया। वहां घर का एक दरवाजा आधा खुला दिखाई दिया। इसके बाद कर्मचारी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।
दीवान और अलमारी से गायब मिले जेवर
कर्मचारी बाहरी कमरे तक पहुंचा तो उसका दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलने के बाद दीपू सोनी और उनकी पत्नी अंदर पहुंचे। वहां दीवान और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। व्यापारी ने चोरी गए जेवरों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई है। हैरानी की बात यह रही कि घर का बाकी सामान व्यवस्थित था। कहीं तोड़फोड़ या सामान बिखरा हुआ नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे और सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास की जानकारी जुटाई। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घर में किस रास्ते से घुसे चोर?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी घर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात के बाद कैसे बाहर निकले। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने और बाकी सामान व्यवस्थित होने के कारण चोरी के तरीके को लेकर भी जांच की जा रही है। टीआई शंखधर द्विवेदी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है और मामले की जांच जारी है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




