सीधी के बेहड़ा मोड़ पर बस और कार की टक्कर में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। आठ साल की बच्ची गंभीर घायल है और अस्पताल में भर्ती है।

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार दोपहर यात्री बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक महिला और दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बच्ची अपने माता-पिता और परिजन के शवों के पास बैठकर रोती रही। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। कार सवार परिवार सीधी से मैहर जिले के देवरी कला जा रहा था।
मृतकों में पति-पत्नी और उनका रिश्तेदार शामिल
चुरहट पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अनिल तिवारी (30), उनकी पत्नी मनोरमा तिवारी (35) और सुधीर तिवारी (32) के रूप में हुई है। तीनों मैहर जिले के देवरी कला, थाना रामनगर के निवासी थे। घायल बच्ची की पहचान मोइना तिवारी उर्फ रानी (8) के रूप में हुई है।
अनिल और मनोरमा पति-पत्नी थे और मोइना उनकी बेटी है। वहीं, सुधीर अनिल के चचेरे भाई और मनोरमा के देवर थे।
कार में फंसी बच्ची को लोगों ने बाहर निकाला
प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर तीन लोगों के शव पड़े थे। कार के अंदर खून से लथपथ बच्ची रो रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद बच्ची को कार से बाहर निकाला गया।
टक्कर में कार के उड़े परखच्चे
बस और कार की टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मृतकों के शव को कपड़े से ढका और पुलिस के पहुंचने का इंतजार किया।
गंभीर चोटों के कारण हुई तीनों की मौत
चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। उनके शरीर से काफी खून बह गया था। वहीं, घायल बच्ची की हालत भी गंभीर बताई गई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




