सीधी के छुही गांव में बाजार जाते समय इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। धमाकों के बीच चालक ने भागकर जान बचाई, लेकिन छह महीने पुरानी स्कूटी जल गई।

सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के छुही गांव में शुक्रवार को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेज हो गई और स्कूटी से धमाके होने लगे। हालात देखकर चालक रामखेलावन सिंह ने तुरंत स्कूटी से दूर भागकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी स्कूटी जलकर खाक हो गई।
यह स्कूटी ओकिनावा कंपनी की थी, जिसे रामखेलावन सिंह ने करीब छह महीने पहले लगभग 70 हजार रुपए में खरीदा था। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाजार जाते समय स्कूल के पास लगी आग
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को रामखेलावन सिंह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान छुही गांव में स्कूल के पास अचानक स्कूटी से धुआं उठने लगा और फिर उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान स्कूटी में धमाके भी होने लगे।
धमाके सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। चालक ने किसी तरह वहां से हटकर अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने बोरवेल के पानी से बुझाई आग
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई थी। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के बोरवेल से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी।
छह महीने पहले खरीदी थी स्कूटी
रामखेलावन सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले यह स्कूटी 70 हजार रुपए में खरीदी थी। बाजार जाते समय अचानक उसमें आग लग गई। आग और धमाके देखकर उन्हें अपनी जान बचाने के लिए तुरंत वहां से भागना पड़ा। वे स्कूटी को जलने से नहीं बचा सके।
पुलिस कर रही आग लगने के कारणों की जांच
मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्कूटी में आग किस वजह से लगी।



-1.jpg&w=3840&q=75)




