सीधी के उपनी गांव में महिला ने कथित तौर पर खुद जहर खाने के बाद डेढ़ साल के बेटे को भी जहर खिला दिया। बच्चा रीवा रेफर है और महिला का इलाज जारी है।

सीधी जिले के उपनी गांव में रविवार शाम एक महिला ने कथित तौर पर पहले खुद जहर खा लिया और फिर अपने डेढ़ साल के बेटे को भी जहर खिला दिया। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला के पति ने इस घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताया है।
पति का आरोप- जेठ करता था गाली-गलौज और मारपीट
महिला की पहचान 28 वर्षीय अन्नपूर्णा सिंह और बच्चे की पहचान आयुष सिंह (डेढ़ साल) के रूप में हुई है। महिला के पति मनीष सिंह का आरोप है कि उनके बड़े भाई आनंद सिंह आए दिन पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। छोटी-छोटी बातों पर घर में विवाद होता था।
मनीष के मुताबिक, इस परेशानी को लेकर गांव के लोगों को भी बताया गया था, लेकिन विवाद का कोई समाधान नहीं निकला। पति ने इसी घरेलू तनाव को घटना की वजह बताया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संयुक्त परिवार में रहती थी महिला
अन्नपूर्णा अपने पति और दो बच्चों के साथ संयुक्त परिवार में रहती थी। परिवार में सास-ससुर, जेठ-जेठानी और उनके बच्चे भी साथ रहते थे। महिला का एक बड़ा बेटा चार साल का है, जबकि छोटा बेटा आयुष डेढ़ साल का है। आरोप है कि महिला ने छोटे बेटे को जहर खिला दिया।
बच्चे की हालत गंभीर, रीवा रेफर
घटना के बाद मां और बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस से उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। वहीं, अन्नपूर्णा का सीधी जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस रविवार रात करीब 10:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद और पति की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




