सिंगरौली के हरनाडोल में सड़क नहीं होने से एंबुलेंस कीचड़ में फंस गई। 75 वर्षीय बुजुर्ग को परिजन खटिया पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले गए।

सिंगरौली जिले के देवसर जनपद पंचायत के महरेल गांव के हरनाडोल में सड़क नहीं होने की वजह से एक बार फिर ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार को 75 वर्षीय जसपाल प्रजापति की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें खटिया पर लिटाकर मुख्य रास्ते तक ले गए। उन्हें लेने पहुंची एंबुलेंस भी गांव के कच्चे रास्ते में कीचड़ में फंस गई। इस घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित हरनाडोल आदिवासी बहुल इलाका है। महरेल गांव के भाटी टोला तक करीब डेढ़ किलोमीटर पक्की सड़क बनी है, लेकिन इसके आगे का रास्ता अब भी कच्चा है। बरसात में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
सांस लेने में तकलीफ होने पर बुलानी पड़ी एंबुलेंस
परिजनों के मुताबिक, जसपाल प्रजापति को अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस गांव तक पहुंची, लेकिन कच्चे रास्ते में कीचड़ के कारण आगे नहीं बढ़ सकी और बीच रास्ते में फंस गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर वाहन को बाहर निकाला।
इसके बाद परिजनों ने बुजुर्ग को खटिया पर लिटाया और कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें इलाज के लिए रवाना किया गया।
ग्रामीण बोले- सालों से कर रहे सड़क की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि हरनाडोल तक पक्की सड़क बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि बारिश के दिनों में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है और कई बार समय पर अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट
प्रभारी तहसीलदार धर्मप्रकाश मिश्रा ने बताया कि हरनाडोल में सड़क नहीं होने की जानकारी मिली है। मरीज को खटिया पर ले जाने की घटना की भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव तक आने-जाने की सड़क की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।



-1.jpg&w=3840&q=75)




