सिंगरौली में आबकारी विभाग ने तीन दिन के अभियान में 18 प्रकरण दर्ज किए। टीम ने 70 लीटर अवैध शराब और 300 किलो महुआ लाहन जब्त किया।

सिंगरौली जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने तीन दिन तक अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 70 लीटर अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला 300 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। विभाग ने कार्रवाई के दौरान कुल 18 प्रकरण दर्ज किए हैं। सोमवार को आबकारी विभाग ने अभियान की जानकारी दी।
शिकायत वाले इलाकों में की गई कार्रवाई
जिला आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में पिछले तीन दिनों से गश्त और छापेमारी की जा रही थी। जिन इलाकों से अवैध शराब बनाने और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान महुआ से बनी शराब के साथ देसी और अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई। संबंधित लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
संदिग्ध ठिकानों पर रखी जा रही नजर
आबकारी विभाग के मुताबिक, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध ठिकानों की निगरानी की जा रही है। शिकायत मिलने वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका
इस अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष यादव, आबकारी उप निरीक्षक नीलिमा मार्को, मुख्य आरक्षक बहादुर सिंह, रामनरेश और आलोक सिंह शामिल रहे। इनके अलावा आरक्षक अनुज, धीरू, अमरपाल और संध्या ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।



-1.jpg&w=3840&q=75)




